चंडीगढ़। नया साल का आगमन हो चुका है। कई अधिकारियों को तोहफे के तौर पर प्रमोशन दिया गया है तो वहीं सुरक्षा को देखते हुए कई अधिकारियों के तबादले किए गए है।
हरियाणा सरकार ने नए साल के पहले दिन प्रशासनिक अधिकारियों के तबादले किए हैं। उत्तर एवं दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगमों के एम.डी. पी.सी. मीणा को गुरुग्राम नगर निगम का आयुक्त लगाया गया है। पहले इस पद पर मुकेश आहुजा कार्यरत थे, जिन्हें अब राज नारायण कौशिक के स्थान पर हरियाणा मार्कीटिंग बोर्ड का नया मुख्य प्रशासक नियुक्त किया गया है। राज नारायण कौशिक उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम व हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम के एम.डी. होंगे।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के निदेशक रिपुदमन सिंह को हरियाणा राज्य अनुसूचित जाति आयोग के सचिव का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। स्वास्थ्य विभाग के विशेष सचिव प्रभजोत सिंह को रोजगार विभाग का निदेशक व विशेष सचिव नियुक्त किया गया है। प्रभजोत सिंह ऐसे अधिकारी हैं, जो लंबे समय तक स्वास्थ्य विभाग की किसी न किसी विंग में कार्यरत रहे हैं। नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे अमित खत्री को दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम का एम.डी. व पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग का निदेशक नियुक्त किया गया है।
